वोट चोर गद्दी छोड़ नारे के साथ कांग्रेस ने किया 2027 में परिवर्तन का ऐलान

हरिद्वार। कांग्रेस ने लक्सर में ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ थीम के तहत साक्षरता अभियान की शुरुआत करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।
इस मौके पर एआईसीसी महासचिव प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि यह नारा सिर्फ शब्द नहीं बल्कि जनता की वास्तविक आवाज़ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सजग रहने और किसी भी प्रकार की वोटिंग हेराफेरी पर कड़ी नजर रखने का आह्वान किया। शैलजा ने भाजपा सरकार पर जनता के जनादेश को हड़पने का आरोप लगाया।
प्रदेश अध्यक्ष करण मेहरा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी नौकरियों और अवसरों में हेराफेरी कर युवाओं का भविष्य छीना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मीडिया मैनेजमेंट के दम पर भाजपा झूठी छवि प्रस्तुत कर रही है, लेकिन जनता अब भ्रमित नहीं होगी। मेहरा ने स्पष्ट किया कि 2027 में भाजपा सरकार का अंत निश्चित है।
कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने जोश के साथ नारेबाजी की और 2027 में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने का संकल्प दोहराया। नेताओं ने कहा कि हाल के उपचुनावों ने यह साबित कर दिया कि कांग्रेस अभी भी मजबूत है और जनता बदलाव चाहती है। अभियान का मुख्य उद्देश्य जनता को वोट की ताकत और लोकतंत्र में उसकी भूमिका के प्रति जागरूक करना था। इस साक्षरता अभियान के माध्यम से कांग्रेस ने 2027 के चुनाव में परिवर्तन का बिगुल फूंका और पूरे संगठन को सक्रिय होने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में एआईसीसी महासचिव प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष करण मेहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदयाल और जिला अध्यक्ष राजीव चौधरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
