बिहार चुनाव में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ऐतिहासिक विजय

देहरादून। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने बिहार विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक विजय दर्ज की है। पार्टी ने कुल 29 सीटों में से 22 सीटों पर शानदार जीत हासिल की, जिसे पार्टी संगठन की ताकत, नेतृत्व की दूरदृष्टि और जनता के अपार विश्वास का प्रमाण माना जा रहा है।
पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एस. रिचर्ड हम्त्सो ने इस जीत को कार्यकर्ताओं के समर्पण, अथक परिश्रम और बिहार की जनता द्वारा दिए गए प्यार की जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह विजय केवल एक चुनावी परिणाम नहीं, बल्कि बिहार के विकास, पारदर्शिता और युवा नेतृत्व में जनता के विश्वास की मजबूत मुहर है। उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय कैबिनेट मंत्री चिराग पासवान और राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष एवं उत्तर-पूर्व प्रभारी प्रणब कुमार के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आने वाले समय में पार्टी राज्य और देश के विकास के लिए और अधिक प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी। उन्होंने सभी विजयी उम्मीदवारों, समर्पित कार्यकर्ताओं और बिहार की जनता को हृदय से आभार प्रकट किया और विश्वास दिलाया कि यह जीत जनता की उम्मीदों को पूरा करने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगी।
