शिविर में हुई लोगों के स्वास्थ्य की जांच

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। स्वास्थ्य विभाग और विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी के संयुक्त तत्वावधान में जिला कारागार पौड़ी में चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। सचिव डालसा नाजिश कलीम ने टीबी, एड्स व हेपेटाइटिस की जांच कराने के निर्देश दिए और महिला चिकित्साधिकारी को हर 15 दिन में विजिट करने को कहा। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने औषधि कक्ष, रजिस्टर और स्वास्थ्य पंजिका का निरीक्षण कर इमरजेंसी ट्रे सदैव तैयार रखने को कहा। शिविर में 44 बंदियों की स्वास्थ्य जांच की गई। इस अवसर पर जेल अधीक्षक डी.पी. सिन्हा, डॉ. शशांक उनियाल व स्वास्थ्य दल उपस्थित रहे।
