शहरी क्षेत्रों में यूसीसी के तहत कम पंजीकरण पर रुकेगा वेतन: डीएम


हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में सीएम हेल्पलाइन, जिला योजना एवं यूसीसी के अंतर्गत पंजीकरण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने नगर निकायों में यूसीसी पंजीकरण की धीमी प्रगति पर असंतोष जताते हुए चेतावनी दी कि नवंबर माह में सुधार न होने पर संबंधित अधिकारियों का वेतन रोका जाएगा। डीएम ने कहा कि जिन वार्डों में शत-प्रतिशत पंजीकरण पूरा हो गया है, वहां के सभासदों और पार्षदों को सम्मानित किया जाएगा।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण शिकायतकर्ता की संतुष्टि के आधार पर किया जाए और अनावश्यक रूप से मामलों को लंबित न रखा जाए। जिला योजना की समीक्षा में उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। डीएम ने निर्देश दिए कि खनन प्रभावित 100 ग्राम पंचायतों में छोटे खेल मैदान विकसित किए जाएं, ताकि बच्चों को मोबाइल की लत से दूर रखा जा सके। उन्होंने विद्युत विभाग को बिजली चोरी पर सख्त कार्रवाई करने और राजस्व हानि रोकने के निर्देश भी दिए। बैठक में सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र, एडीएम फिंचाराम चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!