जनपद में जगह-जगह मनाया गया राज्य स्थापना दिवस

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / उदित पांडे, मोहन सिंह राणा, प्रदीप कुमार,
देहरादून। विकासनगर पछवादून गढ़वाल सभा द्वारा आयोजित रजत जयंती कार्यक्रम का अध्यक्ष रोशन नेगी, सुरेंद्र कुकरेती कैप्टन चंदन सिंह सजवान ने शुभारंभ कर राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। तथा विद्यार्थियों और कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। विधायक मुन्ना सिंह चौहान द्वारा शहीद स्मारक निर्माण की घोषणा पर सभा ने आभार व्यक्त किया।
मुक्केबाजी प्रतियोगिता में दिखाया दम
हरिद्वार। राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती पर रोशनाबाद स्टेडियम में मिनी व सब-जूनियर बालक-बालिका वर्ग की जनपद स्तरीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता आयोजित हुई। मुख्य अतिथि विधायक आदेश चौहान ने विजेता खिलाड़ियों को पदक व प्रमाण पत्र प्रदान किए और कहा कि बॉक्सिंग संयम व अनुशासन का खेल है। जिलाध्यक्ष विशाल गर्ग ने बताया कि एसोसिएशन खिलाड़ियों के हितों और खेल के प्रसार हेतु निरंतर कार्य कर रही है। कार्यक्रम में जिला खेल अधिकारी शबाली गुरूंग, नवीन चौहान, राकेश चौधरी सहित कई कोच और खिलाड़ी उपस्थित रहे।
मेयर ने किया सम्मानित
हरिद्वार। उत्तराखंड राज्य के स्थापना दिवस की रजत जयंती के अवसर पर उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी अनिल माहेश्वरी के स्थान पर उनके पुत्र सौरभ महेश्वरी को नगर निगम हरिद्वार मेयर किरण जैसल ने सम्मानित किया।
अद्भुत व अकल्पनीय है 25 वर्षो की यात्रा
हरिद्वार। एसएमजेएन पीजी कॉलेज में उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती पर उत्तराखंड विकास: अवसर और चुनौतियां विषय पर संगोष्ठी व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। मुख्य वक्ता प्रो. बी.डी. जोशी ने कहा कि 25 वर्षों की राज्य की विकास यात्रा अद्भुत और अकल्पनीय रही है। अध्यक्ष प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि उत्तराखंड सीमा में रहने वाला प्रत्येक नागरिक उत्तराखंडी है। छात्र-छात्राओं ने नृत्य व गीत प्रस्तुत किए। अंत में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन हुआ और स्वयंसेवियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
रैतिक परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजा भराणीसैंण
चमोली। उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती पर ग्रीष्मकालीन राजधानी भराड़ीसैंण में भव्य समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने दीप प्रज्वलित कर किया। आईटीबीपी, आईआरबी, होमगार्ड, एनसीसी महिला दस्ते ने आकर्षक रैतिक परेड प्रस्तुत की। जीआईसी भराड़ीसैंण’ सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से उत्सव को जीवंत बनाया। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने विकास विभागों की प्रदर्शनी का निरीक्षण किया और राज्य के आदर्शों व लक्ष्यों को याद रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम में अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मातृशक्ति को किया जागृत
रुद्रप्रयाग। राज्य स्थापना दिवस पर सरस्वती विद्या मंदिर बेलनी में विद्या भारती द्वारा आयोजित सप्तशक्ति संगम कार्यक्रम में मुख्य वक्ता लक्ष्मी शाह ने कुटुंब प्रबोधन पर और वंदना डिमरी ने पर्यावरण संरक्षण पर मातृशक्ति को जागृत किया। संयुक्त परिवार की यशोदा देवी तथा शहीद वीर नारियां विजयलक्ष्मी और शीला देवी को सम्मानित किया गया।
कैबिनेट मंत्री ने किया ईट राइट यूथ हैकथॉन का शुभारंभ
देहरादून। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य एवं शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने यमुना कॉलोनी स्थित अपने शासकीय आवास पर ईट राइट यूथ हैकथॉन इनोवेशन चैलेंजका शुभारंभ किया। यह पहल युवाओं में सही खानपान, नवाचार और सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने हेतु की गई है। डॉ. रावत ने जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों, मोटापा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप आदिकृपर चिंता जताई और संतुलित भोजन के महत्व पर बल दिया।
शहीदों को किया नमन
पौड़ी। रजत जयंती पर जिला मुख्यालय पौड़ी में आयोजित समारोह में विधायक राजकुमार पोरी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया व जनप्रतिनिधियों द्वारा शहीद स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित कर शहीदों को नमन किया। विधायक पोरी ने कहा कि राज्य निर्माण आंदोलनकारियों के त्याग की परिणति है, जबकि जिलाधिकारी ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को पहचान मिलना आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम है। कार्यक्रम में उत्साह, देशभक्ति और विकास का संदेश झलका।
यूनिटी मार्च से गूंजा एकता का संदेश
रुद्रप्रयाग। रजत जयंती पर अगस्त्यमुनि में यूनिटी मार्च आयोजित हुआ। राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान एक भारत श्रेष्ठ भारत और जय उत्तराखंडके नारों से वातावरण गूंज उठा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में उत्तराखंडी लोकसंस्कृति की झलक दिखी। मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
बेटियों को मिली आत्मनिर्भरता की प्रेरणा
पौड़ी। रजत जयंती पर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय थलीसैंण में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत आयोजित अफसर बिटिया कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य योगेन्द्र चन्द्र सिंह और बाल विकास परियोजना अधिकारी पूजा रावत ने किया। पूजा रावत ने बालिकाओं को शिक्षा, आत्मनिर्भरता और समान अवसरों के महत्व से अवगत कराया। निबंध प्रतियोगिता में नीलम, सुनैना व अंजना ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त किया।
बागेश्वर और खेलो इंडिया सेंटर टिहरी बने विजेता
टिहरी गढ़वाल। रजत जयंती के अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज, नरेंद्रनगर में जिला खेल विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता (अंडर-14 व अंडर-18 बालक वर्ग)’ का समापन हुआ। अंडर-14 वर्ग में खेलो इंडिया सेंटर टिहरी ने नैनीताल को 13-06 से हराकर खिताब जीता, जबकि अंडर-18 वर्ग में बागेश्वर ने टिहरी को 16-14 से पराजित किया। प्रतियोगिता में 22 टीमों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि डी.के. सिंह, महासचिव उत्तराखंड ओलंपिक संघ ने विजेताओं को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
बालिका गंगा-यमुना छात्रवृत्ति योजना हुई शुरू
उत्तरकाशी। रजत जयंती सप्ताह के समापन अवसर पर जिलाधिकारी की अभिनव पहल पर बालिका गंगा-यमुना छात्रवृत्ति योजना की शुरुआत की गई, जिसके तहत मेधावी बालिकाओं को 21,000 के चेक व स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। उत्कृष्ट कार्य के लिए दिव्यांग विद्यालय की प्रबंधक विजयलक्ष्मी जोशी, चंद्रमोहन पंवार व अन्य को सम्मानित किया गया।
विशेष टीकाकरण अभियान आयोजित
उत्तरकाशी। रजत जयंती पर स्वास्थ्य विभाग उत्तरकाशी ने जिले के सभी ब्लॉकों में विशेष टीकाकरण अभियान चलाया। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 9 माह से 24 माह तक के बच्चों को मीजिल्स-रुबेला (एम.आर.) वैक्सीन दी गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एस. रावत ने बताया कि अभियान का उद्देश्य मीजिल्स-रुबेला उन्मूलन और मातृ-शिशु स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना है। उपकेंद्र नौगांव प्रथम में 14 बच्चों को टीके लगाए गए और गर्भवती महिलाओं का भी स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
रजत जयंती का उत्सव मनाया
पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती पर राजकीय इंटर कॉलेज जयदेवपुर में रंगारंग कार्यक्रम आयोजित हुआ। छात्रों ने लोकगीत, नृत्य, कविता और भाषण के माध्यम से उत्तराखंड की संस्कृति और विकास यात्रा को प्रस्तुत किया। प्रधानाचार्य शोबेंद्र जोशी व प्रवक्ता संजय ध्यानी ने छात्रों को प्रेरित किया। कुमाऊँनी समिति ने स्वास्थ्य शिविर लगाकर दो सौ से अधिक लोगों को निःशुल्क परामर्श दिया और 80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों का सम्मान किया।
स्वरोजगार योजनाओं से जुड़कर आत्मनिर्भर बनें युवा
उत्तरकाशी। राज्य स्थापना दिवस पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य जोशीयाड़ा पहुंचे, जहाँ उन्होंने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत जसपाल पंवार द्वारा संचालित जिम का उद्घाटन किया। डीएम ने सौरभ भट्ट की लाइब्रेरी व शिवम संतरी के अर्बन कैफे का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर जीएम डीआईसी शैली डबराल भी मौजूद रहीं।
