छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जगमगाया राज्य स्थापना दिवस, वीर शहीदों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
थत्यूड। विकासखंड मुख्यालय थत्यूड में उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस एवं रजत जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समूचे माहौल को उत्तराखंडमय बना दिया।
राजकीय इंटर कॉलेज, कन्या इंटर कॉलेज और किरण ज्योति शिक्षा सदन के छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक वेशभूषा में मुख्य बाजार में रैली निकालकर राज्य स्थापना की गौरवगाथा को जीवंत कर दिया। रैली के दौरान देशभक्ति गीतों और लोक नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने लोगों का दिल जीत लिया। इस दौरान उत्तराखंड के अमर शहीदों को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
राईका थत्यूड़ विद्यालय परिवार की ओर से एक प्रेरणादायी पहल भी की गई। ब्लॉक स्काउट गाइड सचिव मदन मोहन सेमवाल के मार्गदर्शन में राज्य स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय परिसर को दीपों और रोशनी से जगमगा दिया गया। इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने मौन रखकर राज्य के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
विद्यालय परिवार ने संकल्प लिया कि प्रत्येक वर्ष राज्य स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी अपने राज्य की गौरवगाथा से प्रेरणा लेकर उत्तराखंड को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने में योगदान दे सके।
वहीं, दूसरी ओर ब्लॉक मुख्यालय स्थित सभागार में उत्तराखंड राज्य स्थापना रजत जयंती के अवसर पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम उत्थान परियोजना के तहत गैर कृषि आधारित अल्ट्रा पुअर सात महिला लाभार्थियों को कुल ₹2.70 लाख के चेक प्रदान किए गए।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व अपर शिक्षा निदेशक चेतन प्रसाद नौटियाल, पूर्व जेष्ठ उप प्रमुख महिपाल सिंह रावत और सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ के अध्यक्ष खेमराज भट्ट ने लाभार्थियों को चेक वितरित किए।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी अर्जुन सिंह रावत, एससी मोर्चा के जिला अध्यक्ष राजेंद्र कोहली, हीरामणि गौड़, कानूनगो दिनेश बिष्ट, दिलीप जोशी, वीरेंद्र खंडूरी सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!