सामाजिक सुरक्षा एवं महिला सशक्तिकरण पर दिया जोर

श्रीनगर/पौड़ी। राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर आवास विकास प्रदर्शनी मैदान, श्रीनगर में समाज कल्याण, महिला कल्याण एवं बाल विकास तथा प्रोबेशन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जन-जागरूकता गोष्ठी आयोजित हुई। कार्यक्रम में महिलाओं, बच्चों, वृद्धजनों और दिव्यांगजनों के अधिकारों व सुरक्षा पर जानकारी दी गई।
जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह दुबड़िया ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी, जबकि अंजू चमोली ने महिला सशक्तिकरण और पोषण योजनाओं पर प्रकाश डाला। अरविंद कुमार ने नारी एवं बाल संरक्षण से संबंधित मुद्दों पर जागरूक किया। गोष्ठी में बड़ी संख्या में नागरिक, छात्र और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
