बास्केटबॉल चैंपियनशिप में डीएवी और डीपीएस रानीपुर बने विजेता

हरिद्वार। डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित 13वीं जूनियर अंडर-18 बास्केटबॉल चौंपियनशिप का समापन हो गया। ओलिविया स्कूल, राजा गार्डन में खेले गए फाइनल मुकाबलों में बालक वर्ग में डीएवी पब्लिक स्कूल ने एंजिल पब्लिक स्कूल को 47-25 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं बालिका वर्ग में डीपीएस रानीपुर ने डीएवी पब्लिक स्कूल को 27-20 से पराजित कर चौंपियनशिप जीती।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक बल्कि बौद्धिक विकास में भी सहायक होते हैं। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न स्कूलों की 25 टीमों ने भाग लिया। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना की।
