बैंक देखता है अपने ग्राहकों की समृद्धि में ही अपनी सफलता

देहरादून। पंजाब नेशनल बैंक ने अपना 132वां स्थापना दिवस उत्साह और उल्लास के साथ मनाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप अंचल प्रमुख राजेंद्र भाटिया ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बैंक अपने ग्राहकों की समृद्धि में ही अपनी सफलता देखता है। ग्राहक की प्रगति से बैंक की जमा बढ़ती है और एनपीए में कमी आती है, जिससे संस्थान मजबूत होता है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्राहकों ने भाग लिया। इस दौरान बैंक द्वारा 21 ग्राहकों को लगभग 27 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए गए तथा 124 नए बचत खाते खोले गए। मंडल प्रमुख प्रकाश रंजन ने सभी का स्वागत करते हुए ग्राहकों को बैंक की प्राथमिकता बताया। इस अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 27 यूनिट रक्तदान हुआ। साथ ही बच्चों के लिए ड्रॉइंग प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। अंत में सभी ने बैंक की निरंतर प्रगति और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
