मुस्तैद पुलिसकर्मियों के सम्मान में प्रशंसा पत्र, एसएसपी देहरादून ने किया पुरस्कृत

देहरादून। देहरादून में देर रात्रि ड्यूटी के दौरान मुस्तैदी और शालीनता का परिचय देने वाले पुलिसकर्मियों के सम्मान में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संदीप सैनी द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रशंसा पत्र भेजा गया। पत्र में बताया गया कि 11 अप्रैल की रात मसूरी डायवर्जन पर तैनात पुलिसकर्मी पूरी जिम्मेदारी, ऊर्जा और विनम्र व्यवहार के साथ ड्यूटी निभा रहे थे, जिससे आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और सम्मान और मजबूत हुआ।
प्रशंसा पत्र का संज्ञान लेते हुए एसएसपी देहरादून ने उक्त तिथि को ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया। साथ ही अन्य पुलिसकर्मियों से भी कर्तव्यनिष्ठा और शालीनता के साथ ड्यूटी करने की अपेक्षा जताई, ताकि पुलिस की सकारात्मक छवि और सुदृढ़ हो सके। एसएसपी ने आरटीओ देहरादून को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए शुभकामनाएं प्रेषित कीं और भरोसा दिलाया कि दून पुलिस आमजन की सुरक्षा हेतु 24×7 तत्पर है। पुरस्कृत पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक दीपक द्विवेदी, हेड कांस्टेबल मनोज, दिनेश प्रसाद और कांस्टेबल अंकित पंत शामिल रहे।
