ग्रामीण सड़क नेटवर्क मजबूत, कई मोटर मार्गों का निर्माण व सुधारीकरण पूर्ण

पौड़ी गढ़वाल। पौड़ी गढ़वाल के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क व्यवस्था तेजी से सुदृढ़ हो रही है। राज्य सरकार की प्राथमिकताओं और मुख्यमंत्री की घोषणाओं को धरातल पर उतारते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया की निगरानी में लोक निर्माण विभाग द्वारा विभिन्न विकासखंडों में मोटर मार्गों के निर्माण, सुधारीकरण और डामरीकरण के कार्य पूर्ण किए गए हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुगम, सुरक्षित और समयबद्ध हुआ है।
रिखणीखाल विकासखंड में द्वारी-भौन मोटर मार्ग के 5 किमी हिस्से का 344.02 लाख रुपये की लागत से सुधारीकरण कर लगभग 532 ग्रामीणों को लाभ मिला। वहीं सिमड़ी-कण्डूली छोटी, गुण्डलखेत-मनीगांव-घोटला और कठवाणा-खनसुली-खनेताखाल मार्गों के निर्माण से करीब 660 ग्रामीणों को सुविधा मिली।
जयहरीखाल व द्वारीखाल क्षेत्र में भी कई मोटर मार्गों का कार्य पूर्ण हुआ, जिससे लगभग 1060 ग्रामीण लाभान्वित हुए। साथ ही 16.40 किमी पहाड़ कटान कर पांच नए मार्ग बनाए गए, जिससे 735 लोगों को सीधा संपर्क मिला। इससे क्षेत्रीय विकास को नई गति मिली है।
