खालसा जन्म दिवस के रूप में मनाया बैसाख पर्व, संगत हुई निहाल
हरिद्वार। हरिद्वार के प्रेमनगर चौक स्थित निर्मल विरक्त कुटिया डेरा कार सेवा ऐतिहासिक गुरुद्वारे में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी बैसाखी पर्व को खालसा जन्म दिवस के रूप में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अखंड पाठ के भोग के साथ हुई, जिसके उपरांत रागी जत्थोंकृज्ञानी प्रीतम सिंह, ज्ञानी मालक सिंह, ज्ञानी शमशेर सिंह और ज्ञानी हरबीर सिंह ने शब्द कीर्तन कर संगत को भाव-विभोर कर दिया। कथावाचकों ने गुरुओं के उपदेशों का विस्तार से वर्णन किया।
इस अवसर पर बाबा सुखा सिंह कार सेवा दिल्ली वाले और बाबा सुलतान लाड़ी ने खालसा पंथ की स्थापना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु गोबिंद सिंह ने अत्याचार और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष के लिए खालसा की स्थापना की। गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी के मुद्दे पर भी विचार रखे गए। कार्यक्रम में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें संगत ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
