कूड़े के ढेर से बना ‘’रजत जयंती पार्क’’, अब बन रहा आकर्षण का केंद्र

श्रीनगर। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश और नगर निगम श्रीनगर की पहल से नर्सरी रोड स्थित पुराने रैन बसेरे के पास वर्षों से फैले कूड़े के ढेर को हटाकर अब एक सुंदर ‘रजत जयंती पार्क’ विकसित किया गया है।
यह स्थान पहले गंदगी और बदबू की समस्या से जूझ रहा था, जिसे जिलाधिकारी के निरीक्षण के बाद गंभीरता से लिया गया। इसके बाद नगर निगम ने विशेष अभियान चलाकर लगभग 18 हजार टन कूड़ा हटाया और उसे ट्रेंचिंग ग्राउंड में स्थानांतरित किया। खाली भूमि को ‘वेस्ट टू वंडर’ थीम पर विकसित कर पार्क का रूप दिया गया, जिसमें बच्चों के लिए झूले, बैठने की व्यवस्था, पाथवे, स्ट्रीट लाइट और 50दृ60 वाहनों की पार्किंग सुविधा भी बनाई गई है। अब यह पार्क सुबह-शाम लोगों की भीड़ से गुलजार रहता है। बच्चे खेलते हैं, लोग टहलते हैं और परिवार समय बिताते हैं, जिससे क्षेत्र की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है।
