सीडीओ ने बौंसरी गांव में गेहूं क्रॉप कटिंग प्रयोग का किया निरीक्षण

पौड़ी। सीडीओ गिरीश गुणवंत ने शनिवार को तहसील पौड़ी के ग्राम बौंसरी में गेहूं फसल के क्रॉप कटिंग प्रयोग का स्थलीय निरीक्षण किया। यह प्रयोग फसलों की औसत उपज और उत्पादन के सटीक आंकड़े जुटाने के उद्देश्य से किया गया।
राजस्व विभाग द्वारा कृषक हमिल सिंह के खेत में 30 वर्ग मीटर क्षेत्र में सीसीई एग्री ऐप के माध्यम से क्रॉप कटिंग की गई, जिसमें 4.6 किलोग्राम गेहूं उत्पादन दर्ज किया गया। अधिकारियों ने खेत के अभिलेख, नक्शा और खसरा की भी जांच की। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि क्रॉप कटिंग से फसल उत्पादन, बीमा और मुआवजे का सही आकलन होता है, इसलिए इसमें पूर्ण पारदर्शिता आवश्यक है। उन्होंने किसानों की समस्याएं सुनकर विभागीय योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक देने के निर्देश भी दिए।
