युवा सकारात्मक सोच के साथ बढ़े आगे, क्योंकि यही है सफलता की कुंजी: प्रदीप बत्रा

हरिद्वार। प्रदीप बत्रा का शनिवार को हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज धनौरी में कैबिनेट मंत्री बनने के बाद प्रथम आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के वार्षिक क्रीड़ा सप्ताह का भी शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में पहुंचने पर शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने पुष्प वर्षा कर मंत्री का स्वागत किया। मंत्री ने संस्थापक स्वर्गीय डॉ. तेजवीर सिंह सैनी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और महाविद्यालय के योगदान को सराहा। छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए प्रदीप बत्रा ने कहा कि युवा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें, क्योंकि यही सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने में इस संस्था का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने संस्थापक के विजन को प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. अजयवीर पुंडीर ने की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि वही होता है जो जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करे। महाविद्यालय प्रबंधन की ओर से अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। कैबिनेट मंत्री ने खिलाड़ियों के मार्च पास्ट को हरी झंडी दिखाकर क्रीड़ा सप्ताह का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. योगेश कुमार ने किया तथा अंत में संयोजक डॉ. राहुल देव ने सभी का आभार व्यक्त किया।
