ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस का सख्त एक्शन जारी, कई गिरफ्तार
सुमित तिवारी / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
देहरादून। मुख्यमंत्री के निर्देशों पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर अपराधियों पर शिकंजा कसा। एसएसपी देहरादून के निर्देशन में विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी और चेकिंग के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग कर रहे 3 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 11 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
अभियान के दौरान रात में घूम रहे 960 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई तथा 112 व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट में चालान कर जुर्माना वसूला गया। शराब पीकर वाहन चलाने वाले 32 चालकों को गिरफ्तार कर उनके वाहन सीज किए गए। इसके अलावा यातायात नियमों के उल्लंघन पर 77 चालकों के चालान कर 46 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया, जबकि 23 वाहन सीज किए गए। पुलिस ने अवैध रूप से शराब पिलाने वाले एक रेस्टोरेंट संचालक को भी गिरफ्तार किया है।
अभियुक्त को ढोल-नगाड़ों के साथ किया तड़ीपार
देहरादून। कानून व्यवस्था बनाए रखने के तहत दून पुलिस ने एक आदतन अपराधी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उसे जिला बदर किया। जिलाधिकारी के आदेश पर जावेद उर्फ अण्डा को 6 माह के लिए देहरादून जनपद से बाहर किया गया। पुलिस ने उसे ढोल-नगाड़ों और मुनादी के साथ हिमाचल सीमा तक छोड़ते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित अवधि में जनपद में प्रवेश करने पर कड़ी कार्रवाई होगी। अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में कई मामले दर्ज हैं।

बिना अनुमति लाइसेंसी रिवाल्वर लाना पड़ा भारी, अभियुक्त गिरफ्तार
देहरादून। ऑपरेशन प्रहार के तहत विकासनगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को बिना अनुमति लाइसेंसी रिवाल्वर लेकर घूमते हुए गिरफ्तार किया। वेदांश चौक पर जांच के दौरान स्कॉर्पियो वाहन से अमित थापा निवासी सहारनपुर के पास से 22 बोर रिवाल्वर बरामद हुआ, जिसका लाइसेंस उत्तर प्रदेश क्षेत्र तक ही मान्य था। बिना वैध अनुमति उत्तराखंड सीमा में हथियार लाने पर पुलिस ने रिवाल्वर जब्त कर आरोपी को आर्म्स एक्ट में गिरफ्तार किया। साथ ही वाहन को सीज कर अन्य सवार व्यक्तियों का सत्यापन करते हुए चालान की कार्रवाई की गई।

दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, स्मैक और चरस के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार
देहरादून। “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत दून पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 2 महिलाओं सहित 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1.80 लाख रुपये कीमत की 5.89 ग्राम स्मैक और 255 ग्राम अवैध चरस बरामद की। पटेलनगर क्षेत्र में पुलिस ने राहुल कश्यप को स्मैक के साथ पकड़ा, जबकि डोईवाला क्षेत्र में सुमन और कुन्ती नामक दो महिलाओं को चरस के साथ गिरफ्तार किया गया। तीनों अभियुक्तों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!