टिहरी की महिलाओं ने सीखे ‘’ड्रैगन फ्रूट’’ की खेती के गुर, स्वरोजगार की ओर बढ़ा कदम

टिहरी गढ़वाल। जनपद में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल के तहत ग्रामोथान परियोजना अंतर्गत विकासखंड नरेंद्र नगर की प्रगति सीएलएफ, चाका की महिला सदस्यों का तीन दिवसीय अध्ययन भ्रमण सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। यह भ्रमण 6 से 8 अप्रैल 2026 तक ऊधम सिंह नगर जनपद के किच्छा स्थित उदय ड्रैगन फ्रूट फार्म एवं नर्सरी में आयोजित किया गया।
अध्ययन भ्रमण के दौरान महिलाओं को ड्रैगन फ्रूट की उन्नत खेती से जुड़ी तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इसमें पौधारोपण, ट्रेलिस सिस्टम के माध्यम से संरचना निर्माण, सिंचाई प्रबंधन, रोग एवं कीट नियंत्रण तथा फसल के विपणन की विस्तृत जानकारी शामिल रही। प्रतिभागियों ने सफल उद्यम के संचालन की पूरी प्रक्रिया को नजदीक से समझा, जिससे उनके आत्मविश्वास और उत्साह में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। इस कार्यक्रम में ग्राम सेण, ब्लॉक नरेंद्र नगर से सीता सजवाण, कृष्णा देवी, कौशल्या देवी, मकानी देवी सहित अन्य प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। साथ ही ग्राम प्रधान धन सिंह सजवाण, नरेंद्र सिंह तड़ियाल, उपेंद्र सिंह सजवाण एवं अनुभव रयाल भी मौजूद रहे। जिला परियोजना प्रबंधक रीप ब्रह्मकांत भट्ट ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण और अध्ययन भ्रमण कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को आधुनिक आजीविका के अवसरों से जोड़ा जा रहा है। ड्रैगन फ्रूट जैसी उच्च मूल्य की फसलें ग्रामीण क्षेत्रों में आय बढ़ाने का सशक्त माध्यम बन सकती हैं।
इस पहल से स्पष्ट है कि टिहरी जनपद में नवाचार आधारित कृषि को बढ़ावा देते हुए महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में ठोस प्रयास किए जा रहे हैं, जो समग्र ग्रामीण विकास को नई गति देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!