नाबालिग से दुष्कर्म में होटल संचालक भी था साजिश में शामिल, गिरफ्तार

कोटद्वार। नाबालिग बालिका प्रकरण में पुलिस जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। मामले में दुष्कर्म के मुख्य अभियुक्तों की मदद करने वाले होटल संचालकों की भूमिका सामने आने पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में चल रही जांच में पाया गया कि घटना के दिन होटल संचालकों ने बिना वैध पहचान पत्र और रजिस्टर में प्रविष्टि किए मुख्य अभियुक्तों को कमरा उपलब्ध कराया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि अधिक धन लेकर यह सुविधा दी गई और घटना में सहयोग किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शुभम रावत और सोनू को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले मुख्य आरोपी विमल रावत और कृष्णा भट्ट को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मामले में संबंधित धाराओं के साथ पोक्सो अधिनियम की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की गहन जांच जारी है।
