भारी बर्फबारी के बीच केदारनाथ यात्रा की तैयारियां जारी, प्रशासन मुस्तैद

रुद्रप्रयाग। आगामी श्री केदारनाथ धाम यात्रा (22 अप्रैल 2026) को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है। लगातार हो रही भारी बर्फबारी के बावजूद टीमें धाम क्षेत्र और पैदल मार्ग को सुचारु बनाने में लगी हैं।
अधिशासी अभियंता डीडीएमए राजविंद सिंह ने बताया कि धाम क्षेत्र में 4 से 5 फीट तक बर्फ जम चुकी है। इसके बावजूद लिनचोली से केदारनाथ तक पैदल मार्ग को पूर्व में आंशिक रूप से खोल दिया गया था और मौसम सामान्य होते ही दोबारा बर्फ हटाने का कार्य तेज कर दिया गया है। हेलीपैड, रुद्र पॉइंट से संगम सेतु तक मशीनों और मैनपॉवर से तेजी से कार्य जारी है। मौसम विभाग की चेतावनी के बीच प्रशासन सतर्क है और संसाधनों को बढ़ाया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यात्रा के सुचारु संचालन को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
