जिला अस्पताल में बड़ा सुधार अभियान, आधुनिक सुविधाओं के विस्तार को मिली मंजूरी

पौड़ी। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया और सुधार हेतु कई अहम निर्णय लिए। निरीक्षण के बाद आयोजित चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक में अस्पताल की व्यवस्थाओं, संसाधनों और सेवाओं की गुणवत्ता की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने ओपीडी में डिजिटल टोकन सिस्टम लागू करने, इमरजेंसी वार्ड के विस्तार, लैप्रोस्कोप, इको मशीन, मल्टी-पैरा मॉनिटर सहित आवश्यक उपकरणों की खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में स्वच्छता, पेयजल, वॉशरूम व्यवस्था और वार्डों की साफ-सफाई में सुधार पर विशेष जोर दिया। इमरजेंसी सेवाओं को मजबूत करने के लिए दवा स्टोर को स्थानांतरित कर वार्ड विस्तार की योजना बनाने को कहा गया। वार्डों में गद्देदार बेंच, रंगीन चादरें, टाइल्स और व्हीलचेयर की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आयुष्मान योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक कार्ड बनाने के लिए हेल्प डेस्क स्थापित करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने अस्पताल में सोलर प्लांट स्थापना, शव वाहन की व्यवस्था, उपकरण खरीद और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला अस्पताल को आधुनिक और जनसुलभ स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकें।
