सीमांत गांव गेंवाली पहुंचीं जिलाधिकारी ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / प्रदीप कुमार,

टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने विधायक शक्ति लाल शाह के साथ सीमांत गांव गेंवाली का भ्रमण किया। इस दौरान स्कूली बच्चों ने बैंड-बाजों के साथ तथा ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से उनका भव्य स्वागत किया। हल्की वर्षा के बीच आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं, जिन पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने गेंवाली पुल निर्माण कार्य एवं वर्ष 2022 की आपदा से जुड़े कार्यों का संज्ञान लेते हुए संभावित अनियमितताओं की जांच के निर्देश दिए। इसके लिए उपजिलाधिकारी, लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम गठित कर एक सप्ताह में रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। ग्रामीणों ने सात सूत्रीय मांग पत्र सौंपते हुए सुरक्षा, संचार और शिक्षा से जुड़े मुद्दे उठाए। जिलाधिकारी ने प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, सड़क मार्ग से मलबा हटाने तथा डेंजर जोन का भूगर्भीय परीक्षण कराने के निर्देश दिए। विद्यालय के क्षतिग्रस्त होने पर उन्होंने शीघ्र मरम्मत का आश्वासन दिया। वहीं विधायक शक्ति लाल शाह ने सोमेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण हेतु 5 लाख रुपये देने की घोषणा की और क्षेत्र में बेहतर संचार व्यवस्था जल्द उपलब्ध कराने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!