रुड़की में किसानों ने भरी हुंकार, बिजली-राजस्व के मुद्दों को लेकर किया प्रदर्शन

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / आनंद कश्यप,
रुड़की। रुड़की में किसानों का गुस्सा एक बार फिर सड़कों पर देखने को मिला। बिजली और राजस्व से जुड़ी समस्याओं को लेकर किसानों ने महापंचायत कर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। रुड़की में उत्तराखण्ड किसान मोर्चा के बैनर तले बड़ी संख्या में किसान एकत्र हुए। राष्ट्रीय अध्यक्ष गुलशन रोड़ के नेतृत्व में किसानों ने विद्युत विभाग कार्यालय पर धरना देते हुए सरकार और विभाग की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों ने मुख्यमंत्री के नाम अधीक्षण अभियंता के माध्यम से ज्ञापन सौंपते हुए कई अहम मांगें उठाईं। इनमें बिजली बिलों में सिक्योरिटी के नाम पर वसूली बंद करने, ट्यूबवेल की दरें कम करने, स्मार्ट मीटर योजना वापस लेने, सरचार्ज माफ करने और बकाया पर कनेक्शन न काटने की मांग शामिल है। धरने के बाद किसानों ने विद्युत विभाग कार्यालय से तहसील तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की चेतावनी दी। तहसील पहुंचकर प्रतिनिधिमंडल ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को एक और ज्ञापन सौंपा।जिसमें राजस्व से जुड़े मुद्दे भी उठाए गए। किसानों ने मूल निवास प्रमाण पत्र जारी करने, इकबालपुर चीनी मिल का बकाया भुगतान कराने और OBC आरक्षण बढ़ाने की मांग की। किसान नेता गुलशन रोड़ ने कहा कि अगर जल्द किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा। प्रशासन ने किसानों की मांगों पर विचार का भरोसा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!