पौड़ी घंडियाल तहसील दिवस में डीएम का एक्शन मोड 95 शिकायतों पर त्वरित सुनवाई

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / प्रदीप कुमार,
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। तहसील पौड़ी के ग्राम घण्डियाल में आयोजित तहसील दिवस में जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। कुल 95 शिकायतों में से अधिकांश का मौके पर ही समाधान करते हुए उन्होंने पेयजल सड़क स्वास्थ्य आजीविका वन्यजीव नियंत्रण एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने योजनाओं की जमीनी पड़ताल के साथ आमजन से सीधा संवाद स्थापित करते हुए विभागीय समन्वय क्षेत्रीय निरीक्षण जवाबदेही एवं स्थायी समाधान पर विशेष बल दिया ताकि दूरस्थ क्षेत्रों तक प्रशासनिक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित हो और आमजन को त्वरित राहत मिल सके।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन पाइपजल योजनाओं को जल जीवन मिशन के अंतर्गत आच्छादित नहीं किया गया है उनका शीघ्र आकलन तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर उन्हें उपलब्ध कराया जाए। पेयजल समस्याओं के समग्र समाधान के लिए उन्होंने अधीक्षण अभियंता जल संस्थान को अगले तीन दिन क्षेत्र का भ्रमण कर सभी समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संयुक्त मजिस्ट्रेट पौड़ी को आगामी 20 अप्रैल तक क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर समन्वित कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। तहसील दिवस में ब्लॉक प्रमुख गीता देवी संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर पुलिस उपाधीक्षक तुषार बोरा जिला पंचायतराज अधिकारी जितेन्द्र कुमार मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ.विशाल शर्मा जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया जिला पूर्ति अधिकारी अरुण वर्मा जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ.शैलेन्द्र पाण्डेय जिला मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा एसडीओ फॉरेस्ट आईशा बिष्ट अधिशासी अभियंता विद्युत अभिनव रावत ग्रामीण निर्माण विभाग विनोद जोशी सहायक अभियंता लोनिवि अंकिता सक्सेना अर्चना कोली पीएम स्वजल दीपक रावत खण्ड विकास अधिकारी चन्द्रप्रकाश बलूनी सीडीपीओ आशा रावत सामाजिक कार्यकर्ता जगमोहन डांगी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
