टिहरी जिलाधिकारी की पहल से मदन नेगी केंद्रीय विद्यालय को मिली मंजूरी

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / प्रदीप कुमार,
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि क्षेत्र के लिए यह बड़ी सौगात है तथा इस नए केंद्रीय विद्यालय के खुलने से टिहरी गढ़वाल के इस क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। खासकर दूरस्थ क्षेत्रों के छात्रों को अब केंद्रीय विद्यालय जैसी प्रतिष्ठित संस्था में शिक्षा प्राप्त करने का मौका मिलेगा। केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार 27 दिसंबर 2024 को भारत सरकार ने नागरिक एवं रक्षा क्षेत्र के अंतर्गत 85 नए केंद्रीय विद्यालयों की स्थापना को मंजूरी दी थी। बता दें कि केंद्रीय विद्यालय संगठन ने शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए टिहरी गढ़वाल जनपद में एक नए केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को हरी झंडी दे दी है। यह विद्यालय सत्र 2026-27 से संचालन प्रारंभ करेगा। इसी क्रम में अतिरिक्त आयुक्त प्रशासन दीपेश गहलोत के द्वारा केंद्रीय विद्यालय मदन नेगी जिला टिहरी गढ़वाल को भी स्वीकृति प्रदान की गई थी। जनपद टिहरी गढ़वाल के नये केन्द्रीय विद्यालय भूमि और अस्थायी भवन की औपचारिकताएं पूरी कर इस विद्यालय के संचालन के लिए आवश्यक भूमि संबंधित प्रायोजक प्राधिकरण द्वारा केंद्रीय विद्यालय संगठन को हस्तांतरित कर दी गई थी। साथ ही विद्यालय के प्रारंभिक संचालन हेतु अस्थायी भवन को भी उपयुक्त पाया गया है। इन आवश्यक शर्तों के पूरा होने के बाद विद्यालय को तत्काल प्रभाव से शुरू करने की अनुमति दी गयी है। बता दें कि यह केंद्रीय विद्यालय उप तहसील मदन नेगी पट्टी धारमण्डल के ग्राम जलवाल गाँव मल्ला डाकघर मदन नेगी में संचालित होगा । प्रारंभिक कक्षाएं और भविष्य की योजना के तहत विद्यालय की शुरुआत कक्षा 1 से 5 तक की पढ़ाई से होगी जिसमें प्रत्येक कक्षा में एक-एक अनुभाग संचालित किया जाएगा। भविष्य में आवश्यकतानुसार और स्वीकृति के आधार पर विद्यालय का विस्तार किया जाएगा केंद्रीय विद्यालय नई टिहरी के प्राचार्य व नोडल अधिकारी प्रदीप चंद्र थपलियाल ने बताया कि प्राप्त निर्देशों के क्रम में प्रवेश प्रक्रिया तथा भूमि एवं अस्थायी भवन से जुड़ी सभी शेष औपचारिकताएं 30 दिनों के भीतर पूरी कर ली जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!