शतरंज टूर्नामेंट के ओपन वर्ग में मास्टर राम और सीनियर वर्ग में मास्टर हरि ओम रहे प्रथम

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / राहुल गिरी,
हरिद्वार। उत्कर्ष स्पोर्ट्स फेडरेशन के तत्वावधान में आयोजित प्रथम ऑल इंडिया ओपन हरिद्वार क्लासिकल शतरंज टूर्नामेंट का भव्य एवं सफल समापन हुआ। टूर्नामेंट में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब और दिल्ली सहित कई राज्यों से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। विभिन्न वर्गों में हुए मुकाबले अत्यंत रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक रहे, जहां खिलाड़ियों ने अपने कौशल, रणनीति और धैर्य का शानदार प्रदर्शन किया।
ओपन वर्ग में फिडे मास्टर राम प्रकाश ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए 6 अंकों के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। उनकी चालों और रणनीति ने दर्शकों और अन्य खिलाड़ियों को प्रभावित किया। वहीं कैंडिडेट मास्टर हरि ओम शर्मा ने सीनियर वर्ग में 5 अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी श्रेष्ठता साबित की। ओपन वर्ग में सक्षम दर्शन ने द्वितीय और सुमित ग्रोवर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
आयु वर्ग प्रतियोगिताओं में भी युवा प्रतिभाओं ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-12 बालक वर्ग में सूर्यांश कुक्सल विजेता बने, जबकि अंडर-15 में अभिराज चिलाना और अंडर-18 में उदय धीमान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बेस्ट महिला वर्ग में प्रकृति मनोद्या ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया, वहीं बेस्ट अनरेटेड वर्ग में स्पर्श कुमार विजेता रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सौरव सिंह (शेप-अप फिटनेस जिम के संचालक) ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आयोजकों के प्रयासों की सराहना की।
उत्कर्ष स्पोर्ट्स फेडरेशन के चेयरपर्सन डॉ. मुकुल बेंजवाल और सचिव राहुल बत्रा ने सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों, सहयोगियों एवं आयोजन से जुड़े सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे उच्चस्तरीय टूर्नामेंट आयोजित करने का संकल्प दोहराया।
