तीन तलाक मामले में पुलिस सख्त: बुग्गावाला में केस दर्ज, यूसीसी के तहत बढ़ सकती हैं धाराएं

हरिद्वार। थाना बुग्गावाला क्षेत्र के बंदरजूड गांव में महिला उत्पीड़न और कथित तीन तलाक का मामला सामने आने पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर समान नागरिक संहिता के तहत भी धाराएं जोड़ी जा सकती हैं।
पीड़िता शाहीन ने आरोप लगाया कि उसकी शादी करीब ढाई वर्ष पूर्व मोहम्मद दानिश से हुई थी, लेकिन शादी के बाद से ही उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। महिला का कहना है कि हाल ही में पति ने तीन बार तलाक बोलकर उसे घर से निकाल दिया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए केस दर्ज कर लिया। एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वाेच्च प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं, ताकि महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें और अन्याय के खिलाफ आवाज उठा सकें। फिलहाल पूरे मामले पर क्षेत्र की नजर बनी हुई है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।
