समाज की रीढ़ होते हैं कर्मचारी, न की जाए उनके हितों की अनदेखी

श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष (राज्य मंत्री) भगवत प्रसाद मकवाना ने श्रीकोट मेडिकल कॉलेज सभागार में अधिकारियों और सफाई कर्मचारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कर्मचारियों की समस्याएं सुनते हुए उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
उपाध्यक्ष ने कहा कि सफाई कर्मी समाज की रीढ़ हैं और उनके हितों की अनदेखी नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी कर्मियों को आयुष्मान कार्ड, बीमा योजनाएं, स्वरोजगार व अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया। अस्पताल में कार्यरत सफाई कर्मियों को वर्दी, सुरक्षा उपकरण और समय पर वेतन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही नियमित स्वास्थ्य जांच, साप्ताहिक अवकाश और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य कर सफाई कर्मियों के जीवन स्तर में सुधार लाने के निर्देश दिए।
