केदारनाथ यात्रा तैयारियों की समीक्षा कर दिए 15 अप्रैल तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश
उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / राहुल गिरी,
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी श्री केदारनाथ धाम यात्रा 22 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होने जा रही है। यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग द्वारा तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, सुरक्षा और स्वच्छता से संबंधित व्यवस्थाओं की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी कार्य 15 अप्रैल तक हर हाल में पूर्ण किए जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि यात्रा मार्ग पर सोलर लाइटें स्थापित की जा रही हैं, विद्युत लाइनों की मरम्मत और सड़कों का पैचवर्क तेजी से किया जा रहा है। साथ ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी जारी है। जिलाधिकारी ने स्वच्छता बनाए रखने और अतिक्रमण न करने की अपील करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को बेहतर और सुरक्षित अनुभव देना प्रशासन की प्राथमिकता है।

बद्रीनाथ धाम में कपाट खुलने से पहले तैयारियों का लिया जायजा
रुद्रप्रयाग। आगामी 23 अप्रैल को बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने से पहले तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी विशाल मिश्रा ने धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और तैयारियों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मास्टर प्लान के तहत चल रहे कार्यों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य 20 अप्रैल तक गुणवत्ता के साथ पूर्ण कर लिए जाएं। परिसर में साफ-सफाई, रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने नृसिंह मंदिर और योग बद्री मंदिर की साज-सज्जा 20 अप्रैल तक पूरी करने तथा 22 अप्रैल तक बद्रीनाथ धाम को गेंदे व गुलाब के फूलों से सजाने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त करने, कतारों में स्क्रीन लगाने और आकर्षक साइनेज स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए। अतिथि गृहों की मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण करने पर भी जोर दिया गया।
डीएम ने की विभागों व स्टेकहोल्डर्स के साथ समीक्षा बैठक
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने सोमवार को संबंधित विभागों व स्टेकहोल्डर्स के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि कपाट खुलने से पूर्व सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित व सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके। जिलाधिकारी ने यात्रा मार्गों के सुधारीकरण, मलबा निस्तारण और वैकल्पिक मार्गों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, बिजली, शौचालय और ट्रैफिक प्रबंधन को सुचारू रखने पर जोर दिया। पूर्ति विभाग को गैस, डीजल, पेट्रोल व खाद्यान्न की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने, जबकि नगर निकायों को स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। पुलिस को सत्यापन अभियान व बेहतर ट्रैफिक प्लान तैयार करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने बताया कि यात्रा मार्ग को विभिन्न सेक्टरों में विभाजित कर सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।
टिहरी में परिवहन विभाग ने चलाया चेकिंग अभियान
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा की तैयारियों के मद्देनजर दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल के निर्देश पर परिवहन विभाग द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार को मुनि की रेती और तपोवन क्षेत्र में सघन अभियान संचालित किया गया। एआरटीओ सत्येंद्र राज ने बताया कि विभिन्न उल्लंघनोंकृबिना हेलमेट, बीमा, पंजीयन, ओवरलोडिंग और ओवरस्पीडकृपर 17 वाहनों के चालान किए गए तथा एक वाहन सीज किया गया। चेकिंग के दौरान एक चालक शराब पीकर वाहन चलाते पाया गया, जिसे गिरफ्तार कर तपोवन पुलिस के सुपुर्द किया गया। अभियान में परिवहन विभाग की टीम मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!