कालसी वन प्रभाग में दैनिक श्रमिकों का वेतन अटका, आंदोलन की चेतावनी

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / गजमफर अली,
देहरादून। कालसी भूमि संरक्षण वन प्रभाग के अंतर्गत कार्यरत दैनिक वन श्रमिकों को कई महीनों से वेतन न मिलने के कारण गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। श्रमिकों ने प्रभागीय वनाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि कुछ को 18 माह से भी वेतन नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि तीन माह पूर्व भी वेतन की मांग को लेकर धरना देना पड़ा था, जिस पर अधिकारियों ने आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया था। समिति गठन और सेवा विवरण तैयार करने की बात कही गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। श्रमिकों ने विभाग पर झूठे आश्वासन और उत्पीड़न का आरोप लगाया। उनका कहना है कि वे 10-20 वर्षों से सेवा दे रहे हैं, फिर भी उपेक्षा हो रही है। चेतावनी दी कि 10 दिन में वेतन न मिला तो उग्र आंदोलन होगा।
