राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम


हरिद्वार। उत्तराखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में योगस्थली स्पोर्ट्स स्टेडियम, रोशनाबाद में आयोजित राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
पुरुष वर्ग के मुकाबलों में पिथौरागढ़ के सक्षम ने हिमांशु बोरी को हराकर जीत दर्ज की। चंपावत के प्रियांशु वर्मा ने सरोज राणा को पराजित किया, जबकि काशीपुर के रोहन ने अल्मोड़ा के शिवम अधिकारी को मात दी। महिला वर्ग में भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। नैनीताल की गुंजन ने रुद्रपुर की निकिता को हराया। उधम सिंह नगर की सविता ने हल्द्वानी की सुरभिका को शिकस्त दी, वहीं पिथौरागढ़ की कोमल लोहिया ने बागेश्वर की अंजलि को हराकर जीत हासिल की।
खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने कहा कि खेलों में सफलता पाने के लिए निरंतर अभ्यास और कड़ी मेहनत बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। जिला मुक्केबाजी संघ के अध्यक्ष डॉ. विशाल गर्ग ने कहा कि प्रतियोगिता में प्रदेशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं और बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बॉक्सिंग न केवल एक खेल है, बल्कि आत्मरक्षा का भी सशक्त माध्यम है।
इस अवसर पर अर्जुन अवार्डी पदम बहादुर, अविनाश भदौरिया, संजय खटाना, लखबीर, सुनीता चौधरी, राकेश चौधरी, दिनेश शर्मा, शिवम त्यागी, सुधीर जोशी और विपिन बलूनी सहित कई गणमान्य लोगों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!