ब्रिगेडियर मुकेश जोशी हत्याकांड: पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, दूसरा गिरफ्तार
देहरादून। राजपुर थाना क्षेत्र में ब्रिगेडियर मुकेश जोशी हत्याकांड से जुड़े फरार बदमाशों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक अभियुक्त घायल हो गया, जबकि दूसरे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से मामले में अहम सफलता मिली है।
जानकारी के अनुसार, 30 मार्च 2026 की सुबह जोहड़ी गांव में मॉर्निंग वॉक के दौरान 74 वर्षीय मुकेश कुमार जोशी को गोली लग गई थी। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना के संबंध में थाना राजपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच में सामने आया कि घटना से एक दिन पहले कुठालगेट स्थित एक बार में बिल को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। अगले दिन दोनों पक्ष आमने-सामने आए, जिसके बाद वाहनों से पीछा करने के दौरान फायरिंग हुई और इसमें मुकेश जोशी की जान चली गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर कई पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ही 7 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पूछताछ में तीन अन्य आरोपियों के नाम सामने आए थे, जिनकी तलाश जारी थी। इसी क्रम में 3 अप्रैल की देर रात पुलिस को सूचना मिली कि दो आरोपी देहरादून क्षेत्र में देखे गए हैं। सूचना के आधार पर राजपुर क्षेत्र में सघन चेकिंग शुरू की गई। गुनियाल गांव के पास पुलिस ने दो संदिग्धों को देखा, जो पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दूसरे ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
आत्मरक्षा में पुलिस पर की जवाबी फायरिंग
आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। उसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मौके से पुलिस ने एक पिस्टल, खोखा और जिंदा कारतूस भी बरामद किए। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शान्तनु त्यागी और काविश हुसैन त्यागी के रूप में हुई है। दोनों आरोपी इस हत्याकांड में वांछित चल रहे थे। पुलिस ने उनके खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट और पुलिस पर हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी से मामले में जांच और मजबूत होगी। साथ ही शेष आरोपियों की तलाश भी जारी है। इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।
