टिहरी में सीडीओ ने किया गेहूं क्रॉप कटिंग का निरीक्षण, दिए निर्देश


टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। विकासखंड नरेंद्र नगर के ग्राम ओणी में मुख्य विकास अधिकारी वरूणा अग्रवाल ने गेहूं की क्रॉप कटिंग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान कृषि एवं राजस्व विभाग की मौजूदगी में फसल की उपज और गुणवत्ता का आकलन किया गया। निरीक्षण के दौरान तोता सिंह के खेत में 30 वर्ग मीटर से 23.707 किलोग्राम और रमेश के खेत से 23.7 किलोग्राम उत्पादन प्राप्त हुआ। सीडीओ ने प्रक्रिया में पारदर्शिता और सटीक आंकलन पर जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि पिछले वर्षों के आंकड़ों का विश्लेषण कर वास्तविक औसत पैदावार निर्धारित की जाए। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक और निष्पक्ष क्रॉप कटिंग से किसानों को सही मूल्यांकन मिलेगा। इस दौरान तहसीलदार, पटवारी व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

सीडीओ ने पोल्ट्री फार्म का निरीक्षण

टिहरी। मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने भिन्नू स्थित मूर्ति राम पोल्ट्री फार्म का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। फार्म संचालक हरि ओम ने बताया कि वर्तमान में यहां 5000 ब्रायलर चूजों का पालन किया जा रहा है, जिन्हें एक दिन की उम्र में खरीदकर लगभग 45 दिनों बाद बाजार में बेचा जाता है। फार्म में 5000 क्षमता वाले तीन बाड़े स्थापित हैं। पशुपालन विभाग द्वारा मुख्यमंत्री राज्य पशुधन मिशन एवं ब्रायलर फार्म योजना के तहत लाभ और तकनीकी सहयोग दिया जा रहा है। हरि ओम ने बताया कि इस व्यवसाय से उन्हें प्रतिमाह करीब 2 से 2.5 लाख रुपये का मुनाफा हो रहा है।


सीडीओ ने बकरी फार्म का किया निरीक्षण

टिहरी। मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने ग्राम बागी-बमुण्ड में रामचंद्र के बकरी फार्म का निरीक्षण किया। फार्म में उन्नत नस्ल की लगभग 85 बकरियां पाली जा रही हैं, जिनकी संख्या लगातार बढ़ रही है। पशुपालन विभाग द्वारा फार्म स्वामी को मुख्यमंत्री राज्य पशुधन मिशन के तहत लाभ और तकनीकी सहयोग दिया जा रहा है। संचालक ने बताया कि इस व्यवसाय से उन्हें प्रतिमाह 1 से 2 लाख रुपये तक आय हो रही है। निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फार्म को अन्य योजनाओं से भी जोड़ा जाए। इस अवसर पर पशुपालन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!