कैबिनेट मंत्री ने सुनी जनसमस्याएं, 2.44 करोड़ की सड़क का किया लोकार्पण

रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने शनिवार को अगस्त्यमुनि विकासखंड के तल्ला नागपुर क्षेत्र का भ्रमण कर जनसमस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने कई गांवों में जनप्रतिनिधियों व स्थानीय लोगों से मुलाकात की।
मंत्री ने 2.44 करोड़ की लागत से निर्मित चोपड़ा-डूंगरी-चापड़ मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्य का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से सड़क की मांग पूरी होने से क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि तल्ला नागपुर लिफ्ट पेयजल योजना फेज-2 जल्द पूर्ण होगी, जबकि कोठगी में 27 करोड़ की लागत से बना नर्सिंग कॉलेज भी शीघ्र शुरू होगा। साथ ही नगरासु-छिनका मोटर पुल निर्माण जल्द शुरू करने की बात कही। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
