रोजगार मेले में 1285 अभ्यर्थियों ने किया साक्षात्कार

देहरादून। उत्तराखंड प्राविधिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान, पिथूवाला में गुरुवार को भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने किया, जबकि अध्यक्षता विधायक विनोद चमोली ने की। प्राविधिक शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग कर युवाओं को शुभकामनाएं दीं।
रोजगार मेले में 81 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। करीब 1600 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 1285 अभ्यर्थियों ने विभिन्न कंपनियों के समक्ष साक्षात्कार दिया। मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि वर्तमान युग तकनीक का है, जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिटिक्स और रोबोटिक्स जैसे क्षेत्रों में युवाओं को खुद को अपडेट रखना होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य के पॉलीटेक्निक संस्थान हाईटेक बनाए जा रहे हैं। विधायक विनोद चमोली ने कहा कि रोजगार मेलों से युवाओं को नए अवसर मिल रहे हैं, वहीं विदेशों में भी रोजगार के द्वार खुल रहे हैं। तकनीकी शिक्षा निदेशक देशराज ने बताया कि विभाग का लक्ष्य शत-प्रतिशत प्लेसमेंट सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और अधिकारी मौजूद रहे।
