देहरादून में घरेलू गैस के दुरुपयोग पर कार्रवाई, 6 सिलेंडर जब्त

देहरादून। एलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने और होम डिलीवरी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर गठित क्यूआरटी टीम ने गुरुवार को विभिन्न गैस एजेंसियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
रिंग रोड, रायपुर क्षेत्र में करीब 40 होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट की जांच के दौरान 6 घरेलू गैस सिलेंडर व्यावसायिक उपयोग में पाए गए, जिन्हें मौके पर जब्त कर संबंधित गैस एजेंसी को सुपुर्द किया गया। टीम ने सहस्त्रधारा रोड स्थित पेट्रोल पंप और गैस सर्विस केंद्रों का भी निरीक्षण किया। प्रशासन के कंट्रोल रूम में गैस आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। जिले में आज 15,185 घरेलू और 1,056 व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति की गई, जबकि पर्याप्त स्टॉक भी उपलब्ध है।
