निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों से वंचित नहीं रहेगा कोई भी छात्र: डॉ. धन सिंह


देहरादून। नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ पर प्रदेशभर के राजकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक के छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित की गईं। पहले ही दिन 3,59,300 पुस्तकों का वितरण किया गया, जिससे छात्रों में उत्साह देखा गया।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी छात्र वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि समय पर पुस्तकें उपलब्ध कराना सरकार की शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। समीक्षा बैठक में उन्होंने 7 अप्रैल को सभी विद्यालयों में प्रवेशोत्सव आयोजित कर नामांकन बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने को कहा। इसके अलावा स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति, रिक्त पदों, पुस्तक बजट, व्यावसायिक शिक्षा और निजी विद्यालयों की फीस नियंत्रण को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!