चारधाम यात्रा को लेकर टिहरी में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

टिहरी। चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए जनपद में स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट हो गया है। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल के निर्देशों पर यात्रा मार्गों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है।
चिकित्साधिकारी डॉ. श्याम विजय ने बताया कि ऋषिकेश से गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसे देखते हुए सभी प्रमुख मार्गों पर चिकित्सा व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जनपद में 22 चिकित्सा इकाइयों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया जाएगा। साथ ही पहले से तैनात चिकित्सकों और कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि आपात स्थिति में त्वरित उपचार उपलब्ध कराया जा सके। स्वास्थ्य विभाग ने निर्देश दिए हैं कि सभी चिकित्सा इकाइयों में पर्याप्त स्टाफ, दवाइयां और आवश्यक उपकरण उपलब्ध रहें। गंभीर मरीजों के लिए त्वरित रेफरल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। विभाग ने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता रहेगी।
