विद्यालयों में जारी रहेगा व्यावसायिक शिक्षा का संचालन: डॉ. धन सिंह


देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश के 200 विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम निर्बाध रूप से जारी रहेगा। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने स्पष्ट किया कि नई टेंडर प्रक्रिया पूरी होने तक पूर्व में अनुबंधित संस्थाएं ही इन विद्यालयों में कार्यक्रम संचालित करती रहेंगी, जिससे शिक्षण कार्य और छात्रों के कौशल विकास पर कोई असर न पड़े।
मंत्री ने टेंडर प्रक्रिया में देरी पर विभागीय अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि नए शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए निजी संस्थाओं के साथ शीघ्र अनुबंध किया जाए। उन्होंने पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। डॉ. रावत ने बताया कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगारोन्मुखी शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में आगामी सत्र से 544 और विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा शुरू की जाएगी, जिसकी स्वीकृति केंद्र सरकार से मिल चुकी है। इन विद्यालयों में एग्रीकल्चर, ऑटोमोटिव, ब्यूटी एंड वेलनेस, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी, प्लम्बिंग, रिटेल तथा टूरिज्म एवं हॉस्पिटैलिटी जैसे आठ क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित मॉनिटरिंग के भी निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!