अभ्युदय स्टोन क्रेशर पर फिर विवाद, एसडीएम ने निरीक्षण कर दिए सख्त निर्देश


थराली। विकासखंड थराली के अंतर्गत सुनला गांव में संचालित अभ्युदय स्टोन क्रेशर एक बार फिर अनियमितताओं को लेकर विवादों में घिर गया है। इस बार बिना पानी के छिड़काव के क्रेशर संचालन से उठ रही धूल ने आसपास के ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर खतरा खड़ा कर दिया है। मामले का संज्ञान लेते हुए उपजिलाधिकारी पंकज भट्ट ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और शिकायत को सही पाया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने पाया कि आरबीएम की पिसाई के समय पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा, जिससे धूल का गुबार वातावरण को प्रदूषित कर रहा है। इससे खेतों में काम कर रहे किसानों और आसपास के ग्रामीणों को परेशानी हो रही है, वहीं पशुओं के चारे पर भी असर पड़ रहा है। एसडीएम ने संचालकों को नियमों के तहत तत्काल सुधार के निर्देश देते हुए कहा कि पानी का छिड़काव अनिवार्य रूप से किया जाए, अन्यथा कानूनी नोटिस जारी कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा एसडीएम ने खनन पट्टा स्थल का भी निरीक्षण किया, जहां कई खामियां पाई गईं। बिना वैध दस्तावेज खनन सामग्री ढो रहे दो डंपरों का चालान किया गया, जबकि एक अन्य डंपर को सीज कर दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!