कूहेड गांव में कूड़े का ढेर, ग्रामीणों में आक्रोश

चमोली। बदरीनाथ हाईवे के निकट दशोली विकासखंड के कूहेड गांव में कूड़े का ढेर जमा होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव के मुख्य बाजार के पास फैली गंदगी ने स्वच्छता अभियान की पोल खोल दी है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार विकासखंड कार्यालय में शिकायत देने के बावजूद न तो कूड़ा उठाया जा रहा है और न ही सफाई हो रही है। कूड़ा गाड़ी भी गांव तक नहीं पहुंच रही, जिससे हालात और बिगड़ रहे हैं। विकासखंड अधिकारी ने बताया कि हाईवे के पास होने के कारण बाजार का कूड़ा भी यहां डाला जा रहा है। जल्द ही कूड़ा हटाकर स्वच्छता को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
