नशा तस्करी में 5 अभियुक्त गिरफ्तार, चरस व देसी शराब बरामद

देहरादून। “ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड” अभियान के तहत दून पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों व अवैध शराब की तस्करी में लिप्त 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के कब्जे से कुल 313.61 ग्राम अवैध चरस और लगभग 4 पेटी देसी शराब बरामद की गई।
कोतवाली विकासनगर क्षेत्र से शुभम त्यागी (29) को 157.61 ग्राम चरस के साथ पकड़ा गया, जिसके खिलाफ पूर्व में भी 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं। थाना प्रेमनगर में अभिषेक प्रताप रावत (20) को 156 ग्राम चरस और राजेंद्र (30) को 50 टेट्रा पैक शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। कोतवाली डोईवाला क्षेत्र से रामू थापा (25) को 52 टेट्रा पैक माल्टा शराब और रायवाला क्षेत्र से परशुराम (53) को 76 पाउच कच्ची शराब के साथ पकड़ा गया। सभी आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट व आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
