क्रेशर जोन में संयुक्त टीम की कार्रवाई, अभिलेखों की गहन जांच

देहरादून। सहसपुर क्षेत्र में अवैध खनन और भंडारण की शिकायतों के निस्तारण हेतु शासन के निर्देश पर विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम ने क्रेशर जोन में औचक निरीक्षण किया। टीम में राजस्व, वन, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और खनन विभाग के अधिकारी शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान टीम ने क्रेशर प्लांटों का दौरा कर स्टॉक और अभिलेखों का मिलान किया। संचालकों से अनुमति पत्र, रॉयल्टी रसीदें और प्रदूषण मानकों से संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई। प्रारंभिक जांच में सभी संयंत्रों में स्थिति सामान्य पाई गई और खनिज भंडारण नियमों के अनुरूप मिला। टीम ने संतोष व्यक्त किया। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई नियमित निगरानी का हिस्सा है, जिससे खनन गतिविधियों में पारदर्शिता बनी रहे। जांच रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है।
