अगरौड़ा मंडल में भाजपा प्रशिक्षण महाअभियान शुरू

पौड़ी। विधानसभा के अगरौड़ा मंडल में भारतीय जनता पार्टी का पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान मंगलवार से शुरू हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह अभियान संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। सात सत्रों में आयोजित इस प्रशिक्षण में संगठन की कार्यप्रणाली, विचारधारा, नेतृत्व क्षमता और सेवा भाव जैसे विषयों पर चर्चा होगी। प्रथम दिवस पर पूर्व जिलाध्यक्ष संपत सिंह रावत, सुषमा रावत और पूर्व विधायक मुकेश कोली ने संगठनात्मक अनुशासन, टीम वर्क और सेवा भाव पर विचार रखे। कार्यक्रम में वक्ताओं ने एकात्म मानववाद के सिद्धांतों पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का आह्वान किया। अंत में कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
डॉ. धन सिंह वर्चुअल माध्यम से जुड़े
पौड़ी। थलीसैंण में भारतीय जनता पार्टी के मंडल प्रशिक्षण वर्ग का पंचम सत्र आयोजित किया गया, जिसमें कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत वर्चुअल माध्यम से जुड़े। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी। डॉ. रावत ने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और कार्यकर्ताओं से इसे जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
