जिलाधिकारी ने किया कोषागार का निरीक्षण, व्यवस्थाओं पर जताया संतोष

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने मंगलवार को जिला कोषागार का औचक निरीक्षण कर डबल लॉक कक्ष, अभिलेखों व स्टॉक का जायजा लिया। उन्होंने स्टांप, ताले, बहुमूल्य पंजिका और अधिवक्ताओं को जारी किए जाने वाले स्टांप का सूक्ष्म परीक्षण किया तथा अभिलेखों से मिलान भी किया। सभी व्यवस्थाएं नियमानुसार व सुव्यवस्थित पाई गईं, जिस पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान कोषागार भवन में चल रहे मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता भी परखी गई, जो संतोषजनक रही। जिलाधिकारी ने पेंशन मामलों के त्वरित निस्तारण, अभिलेखों के सुरक्षित रख-रखाव और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने शौचालयों की नियमित सफाई और मरम्मत कार्यों को तय समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण में संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
