कार्यशाला में बच्चों की सुरक्षा व जागरूकता पर दिया जोर

रुद्रप्रयाग। राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के तत्वावधान में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य बच्चों के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के विशेषज्ञों, अधिकारियों, शिक्षकों व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया।
डिवीजन हेड पायल शर्मा ने कहा कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वास्थ्य विभाग की डॉ. दीपाली ने किशोरों में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए रोकथाम और परामर्श की आवश्यकता बताई। साइबर निरीक्षक मनोज चौहान ने साइबर बुलिंग व ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए, वहीं एडवोकेट अरुण चमोली ने जेजे एक्ट व पॉक्सो कानून की जानकारी दी। श्रम प्रवर्तन अधिकारी रजत मेहता ने बाल श्रम उन्मूलन पर जोर दिया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
