एलपीजी समस्या के समाधान हेतु पीएनजी गैस कनेक्शन लेने की अपील

हरिद्वार। हरिद्वार में एलपीजी गैस की समस्या के समाधान के लिए नगर मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान की अध्यक्षता में होटल एसोसिएशन व धर्मशालाओं के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर हुई। नगर मजिस्ट्रेट ने सभी प्रतिष्ठानों से पीएनजी गैस कनेक्शन लेने की अपील करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा से पूर्व व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को इसके लिए आवेदन करने हेतु प्रेरित करने को कहा।
प्रबंधक पीएनजी को निर्देश दिए गए कि प्राप्त आवेदनों पर शीघ्र कनेक्शन उपलब्ध कराएं। वहीं इंडियन ऑयल के अधिकारी ने बताया कि एलपीजी की कोई कमी नहीं है और मांग के अनुसार आपूर्ति की जा रही है। बैठक में पर्यटन व पूर्ति विभाग सहित संबंधित अधिकारी व व्यापारी मौजूद रहे।

जनपद में घरेलू एलपीजी आपूर्ति व वितरण व्यवस्था सामान्य
टिहरी। गढ़वाल में घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था सामान्य बनी हुई है। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल के निर्देशों पर गैस एजेंसियां और पूर्ति विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। जिला पूर्ति अधिकारी मनोज कुमार डोभाल के अनुसार हाल ही में 1392 सिलेंडर प्राप्त हुए, जबकि 2366 सिलेंडरों का वितरण किया गया और 3193 सिलेंडर स्टॉक में उपलब्ध हैं। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। व्यावसायिक गैस के लिए भी प्रतिदिन आवंटन के अनुसार वितरण हो रहा है। निगरानी के लिए गठित टीम द्वारा 414 निरीक्षण किए गए, जिनमें 14 घरेलू सिलेंडर जब्त किए गए।
टीम ने 40 प्रतिष्ठानों का किया औचक निरीक्षण
पौड़ी में एलपीजी आपूर्ति प्रणाली को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया के निर्देश पर पूर्ति विभाग ने व्यापक औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान 6 गैस गोदाम, 3 पेट्रोल पंप और 31 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों सहित कुल 40 स्थानों की जांच की गई। कोटद्वार, दुगड्डा, पाबौ, नौगांवखाल, श्रीनगर समेत विभिन्न क्षेत्रों में टीमों ने व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया। जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मैन्युअल बुकिंग बहाल करने की मांग
विकासनगर। क्षेत्र में गैस आपूर्ति को लेकर उठ रही समस्याओं पर पूर्व मंडी अध्यक्ष विपुल जैन ने जिला पूर्ति अधिकारी देहरादून के.के. अग्रवाल से वार्ता की। ग्रामीणों ने बद्रीपुर-मेदनीपुर में डोर डिलीवरी न होने और अतिरिक्त शुल्क लेने के बावजूद सिलेंडर घर तक न पहुंचाने की शिकायत की। विपुल जैन ने कहा कि ऐप, एसएमएस व कॉलिंग के साथ मैन्युअल बुकिंग व्यवस्था भी बहाल की जानी चाहिए, ताकि कमजोर वर्ग और नेटवर्क विहीन क्षेत्रों के लोग भी सुविधा ले सकें। जिला पूर्ति अधिकारी ने समस्या के समाधान हेतु केंद्र सरकार से वार्ता करने और डोर डिलीवरी सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
