लाखों की धोखाधड़ी करने वाला अंतरराज्यीय आरोपी पुणे से गिरफ्तार

श्रीनगर। गढ़वाल में साइबर ठगी के मामले में पौड़ी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले अंतरराज्यीय आरोपी को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने विदेशी मुद्रा कस्टम से छुड़ाने के नाम पर 5.15 लाख रुपये की ठगी की थी।
पीड़ित वीपी थपलियाल की शिकायत पर 22 नवंबर 2025 को मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी राजेंद्र शिरसाट (24) निवासी ठाणे की पहचान की। पुलिस टीम ने पुणे में लगातार प्रयास कर आरोपी को उसके ठिकाने से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने 4.09 लाख रुपये अपने खाते में प्राप्त कर उपयोग करने की बात स्वीकार की। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
