राजकीय संरक्षण में रह रहे लोगों को मिले बेहतर सुविधाएं: डीएम


उत्तरकाशी। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि राजकीय संरक्षण में रह रहे प्रत्येक व्यक्ति को गरिमापूर्ण जीवन, उचित पोषण और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि वंचित एवं संवेदनशील वर्गों के उत्थान हेतु संचालित योजनाओं को प्रभावी रूप से धरातल पर लागू किया जा रहा है।
इसी क्रम में डीएम ने विकासखंड डुंडा स्थित राजकीय सम्प्रेषण गृह (किशोर) और वृद्धाश्रम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संप्रेषण गृह में उन्होंने बच्चों की शिक्षा, खेलकूद और कौशल विकास से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली तथा मानसिक व शारीरिक विकास के लिए आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वृद्धाश्रम में डीएम ने बुजुर्गों का हालचाल जाना और स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और मौसम के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा डीएम ने संप्रेषण गृह, वृद्धाश्रम और भंडार कक्ष के बीच संपर्क मार्ग को बेहतर बनाने तथा आवागमन सुगम करने के लिए आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए। इस दौरान खंड विकास अधिकारी दिनेश जोशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!