कन्या पूजन व विशाल भंडारे के साथ नवरात्रों का समापन

रानीखेत। निकटवर्ती कलौना गांव में नवरात्र महोत्सव का समापन हवन-यज्ञ, कन्या पूजन, शांति पाठ व विशाल भंडारे के साथ हुआ। इस अवसर पर माता की मूर्ति विसर्जन हेतु भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें जयकारों के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पहली बार आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों की कला प्रतियोगिता व महिलाओं-बालिकाओं की मेहंदी प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रही। पूरे आयोजन के दौरान भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में आयोजक नरेन्द्र कुमार व हेमा देवी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग व ग्रामीण उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने सभी सहयोगियों का आभार जताया।
