पीआरडी जवान सुनील रतूड़ी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी से मौत की पुष्टि, बिसरा संरक्षित
देहरादून। थाना रायपुर से जुड़े सुनील रतूड़ी मृत्यु प्रकरण में पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई है। विशेषज्ञ डॉक्टरों के पैनल द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में मृत्यु का कारण फांसी लगना बताया गया है।
घटना दिनांक 28 मार्च 2026 की है, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई। पोस्टमार्टम विशेषज्ञ चिकित्सकों के पैनल से कराया गया ताकि किसी भी प्रकार की शंका की स्थिति न रहे। हालांकि, परिजनों द्वारा जताई गई आशंकाओं और मृत्यु के कारणों की और अधिक स्पष्टता सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने एहतियातन मृतक का बिसरा भी संरक्षित कराया है। इसे अग्रिम जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब भेजा जाएगा, जहां वैज्ञानिक परीक्षण के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट प्राप्त होगी। प्रशासन की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच (ज्यूडिशियल इंक्वायरी) मजिस्ट्रेट स्तर पर कराई जाएगी। इससे घटना से जुड़े सभी तथ्यों की निष्पक्ष और गहन जांच सुनिश्चित की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले में हर पहलू की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही अंतिम निष्कर्ष सामने आएगा।
ड्यूटी के दौरान अनुचित व्यवहार पर उप निरीक्षक निलंबित
देहरादून। थाना रायपुर क्षेत्र में पीआरडी कर्मी की आत्महत्या के प्रकरण में ड्यूटी के दौरान पद की गरिमा के अनुरूप व्यवहार न करने पर उप निरीक्षक कृष्ण कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया है। उन्हें थाना डालनवाला से कानून-व्यवस्था ड्यूटी के लिए तैनात किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से यह कार्रवाई की।
